दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
माय भारत जामताड़ा की उप निदेशक उत्तरा विश्वास ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जिले के युवाओं से 2 अगस्त को आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत देशभर के युवाओं को संबोधित करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत द्वारा संचालित इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ, जिम्मेदार और नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना है। उत्तरा विश्वास ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से जागरूकता, खेल, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता के जरिए नशा उन्मूलन को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। कार्यक्रम से देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवाओं के जुड़ने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी सामूहिक रूप से नशा मुक्ति शपथ लेंगे तथा स्वयं नशामुक्त रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प करेंगे।उन्होंने बताया कि इसी अवसर पर 100 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी रविवार सहभागिता कार्यक्रम भी शुरू होगा, जिसके अंतर्गत वॉकाथॉन, खेल एवं फिटनेस प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, माइंडफुलनेस सत्र तथा ई-प्रतिज्ञा अभियान संचालित किए जाएंगे। जिला एवं राज्य स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होगा। अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन के साथ होगा, जहां उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।