फतह सिंह उजाला
मानेसर 19 जून । सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो जिसमें कार चालक कार से स्टंटबाजी कर रहा है के मामले में गुरुग्राम पुलिस द्वारा स्वत: संज्ञान लिया गया। उपरोक्त मामला 17 जून का सैक्टर-1 मानेसर मार्केट का है। वीडियो में एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार चालक तेज गति, खतरनाक तरीके एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्टंटबाजी कर रहा था। वाहन को तेज गति एवं लापरवाही से चलाकर आमजन की सुरक्षा को खतरे में डाला गया तथा जनसामान्य में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न की गई। उपरोक्त संबंध में थाना मानेसर, गुरुग्राम में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया है।
थाना मानेसर, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त का अभियोग में आरोपी को शुक्रवार को काबू किया। आरोपी की पहचान घनश्याम (उम्र-24 वर्ष) निवासी गांव पलड़ा, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपी ड्राइवरी का काम करता है तथा गाड़ी से स्टंट कर आरोपी ने उपरोक्त अभियोग की वारदात का अंजाम दिया था।
आरोपी के कब्जा से वारदात में प्रयोग की गई कार बरामद की गई है। अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जाएगी। अभियोग अनुसंधान अधीन है। गुरुग्राम पुलिस आमजन से अपील करती है कि सड़क पर स्टंटबाजी, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने जैसी गतिविधियों से बचें। ऐसे कृत्य न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन को भी खतरे में डालते हैं।