दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम:आगामी ईद उल अजहा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शनिवार को मिहिजाम थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने की। मुख्य रूप से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा, नगर प्रभाग इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी, उपाध्यक्ष महावीर राय और नगर प्रबंधक विजय कुमार मौजूद रहे। बैठक में सदस्यों ने सोशल मीडिया पर शांति और सौहार्द बिगाड़ने वाले पोस्ट पर सख्त रोक लगाने की मांग उठाई। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने भी सोशल मीडिया पर नियंत्रण रखने और किसी भी असामाजिक गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की। साथ ही कुर्बानी के दिन बचे अपशिष्ट पदार्थों का सही स्थान पर निस्तारण करने को कहा गया। सदस्यों ने मस्जिद रोड की नाली की साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था सुधारने और त्योहार के दिन निर्बाध आपूर्ति बहाल करने की मांग की। इंदिरा चौक से फाटक तक लगने वाले जाम का मुद्दा भी गरमाया। बैठक में बिजली विभाग के प्रतिनिधि की अनुपस्थिति पर सदस्यों ने गहरा रोष जताया। बैठक में यह मुद्दा भी उठा कि इन दिनों चिरेका प्रशासन द्वारा मिहिजाम के लोगों को चित्तरंजन में प्रवेश करने से रोका जा रहा है। सदस्यों ने इस पर आपत्ति जताते हुए समाधान की मांग की। इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान ने आश्वस्त किया कि त्योहार के दिन सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा ने सभी से शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में कमल गुप्ता, दिनेश यादव, परवेज रहमान, राजेंद्र शर्मा, पुलू यादव, दाऊद अंसारी, कुद्दूस अंसारी, उमेश झा, संजय सिंह, रमेश रजक, कृष्णा राम, दानिश रहमान, टिंकू खान, अरुण दास, इदरीस अंसारी, इरशाद आलम, रणजीत ठाकुर, आलोक मिस्त्री, राहुल शर्मा, रंजीत पासवान, शबीर अहमद, सोहराब अंसारी, प्रकाश रजक, इम्तियाज खान, पूर्ण चंद्र रजक, यासर नवाज, नजरुल अंसारी, अजीम अंसारी, आलम अंसारी, रफीक अंसारी, रवि मिस्त्री, रोहित कुमार, विष्णु देव मुर्मू, विजेंद्र प्रसाद, उत्तम रजक समेत बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य मौजूद थे।