दिनेश कुमार रजक /मिहिजाम:नगर परिषद मिहिजाम के सभागार में मंगलवार को बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। चेयरपर्सन जयश्री देवी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में शहर के समग्र विकास को लेकर गहन मंथन किया गया और कई एजेंडों पर मुहर लगाई गई। बैठक में उपाध्यक्ष महावीर राय, कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार, सिटी मैनेजर विजय कुमार के अलावा नगर परिषद के सभी वार्ड पार्षद मौजूद रहे। शाम करीब 4 बजे तक चली इस बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्ड की समस्याओं और विकास योजनाओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार ने जानकारी देते हुए बताया कि बोर्ड बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई। पार्षदों ने सड़क, नाली, सफाई, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर अपने वार्ड की जरूरतें रखीं। चेयरपर्सन जयश्री देवी और उपाध्यक्ष महावीर राय ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने आश्वस्त किया कि पार्षदों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे। गोपेश कुंभकार ने बताया कि शहर में विकास की गति तेज करने के लिए बैठक में कई एजेंडों पर मुहर लगाई गई है। हालांकि किन-किन प्रस्तावों को स्वीकृति मिली, इसकी विस्तृत जानकारी विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद सार्वजनिक की जाएगी। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि विकास कार्य वार्ड स्तर पर पार्षदों की अनुशंसा के आधार पर किए जाएं, ताकि आम जनता को सीधा लाभ मिल सके। सफाई व्यवस्था, जलजमाव से निजात और सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता में रखा गया है। नगर परिषद का कहना है कि बोर्ड द्वारा पारित प्रस्तावों पर जल्द काम शुरू होगा। शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधासंपन्न बनाने की दिशा में यह बैठक अहम मानी जा रही है। पार्षदों ने भी बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर आम सहमति बनी है।