दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो चीफ

फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र में डीसीएम चालक की हत्या कर शव गंगा की कटरी में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, शाहजहांपुर जनपद के जलालाबाद थाना क्षेत्र के कुरैना गांव निवासी डीसीएम चालक सोनेलाल की हत्या कर शव महमदगंज मड़ैयन घाट के पास गंगा की कटरी में एक गहरे गड्ढे में फेंक दिया गया था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

मृतक के पिता सुरेश सिंह यादव की तहरीर पर कमालगंज थाना पुलिस ने कल्लू नगला निवासी अवधेश और उसके भाई विनेश के खिलाफ हत्या एवं साक्ष्य छिपाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस जांच में हत्या के पीछे एक महिला से अवैध संबंधों के शक को लेकर विवाद की बात सामने आई, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बताया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई थीं। मंगलवार देर रात भोजपुर मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को आरोपी के आने की सूचना मिली। पुलिस ने बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने लगा। इसी दौरान उसकी बाइक फिसल गई। पुलिस के अनुसार, घिरने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा के तहत की गई फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद दूसरे आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही हत्या के पीछे बताए जा रहे कारणों से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।