शिकारीपाड़ा/दुमका: दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशबोना रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित ट्रैक्टर के खाई में पलट जाने से उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि चालक ट्रैक्टर से खेतों की जुताई करने के बाद वापस भुक्तानडीह लौट रहा था। इसी दौरान कुशबोना रोड पर शिकारीपाड़ा कॉलेज मोड़ के समीप ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक और ट्रैक्टर मालिक दोनों ही भुक्तानडीह गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
आशंका जताई जा रही है कि यह दुर्घटना बीते दिन देर शाम की है। रात के अंधेरे और सुनसान जगह होने के कारण किसी को इस हादसे की भनक नहीं लग सकी। आज सुबह जब स्थानीय ग्रामीण मॉर्निंग वॉक के लिए घर से बाहर निकले, तब उन्होंने खाई में पलटे ट्रैक्टर और चालक के शव को देखा। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय लोगों को मिली, घटना की सूचना मिलते शिकारीपाड़ा पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है।