दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जामताड़ा शहर के पटेल चौक पर सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। पिछले 26 वर्षों से चली आ रही परंपरा का निर्वहन करते हुए वंचित समाज की महिला सह सफाई कर्मी रिंकी देवी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया और देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। पटेल सेवा संघ के सदस्यों ने बताया कि पटेल चौक पर पिछले 26 वर्षों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वंचित समाज के किसी पुरुष या महिला से ही ध्वजारोहण कराया जाता है। इसके पीछे उद्देश्य समाज में समानता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश देना है। आयोजन समिति के अनुसार ध्वजारोहण के लिए ऐसे व्यक्ति का चयन किया जाता है, जो नशे से दूर रहता हो और अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति गंभीर हो। ध्वजारोहण करने के बाद रिंकी देवी ने कहा कि उनके लिए यह बेहद गर्व और खुशी का क्षण है। उन्होंने कहा कि वंचित समाज की एक महिला को देश के राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगा फहराने का अवसर मिलना सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज के हर वर्ग के लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। पटेल सेवा संघ के अध्यक्ष राजेंद्र राउत ने कहा कि पटेल चौक पर 26 वर्षों से इस परंपरा को लगातार निभाया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष वंचित समाज के पुरुष या महिला को ध्वजारोहण का अवसर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से समाज को नशामुक्ति, शिक्षा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाता है। उनका उद्देश्य है कि सभी वर्ग के लोग मिल-जुलकर स्वतंत्रता दिवस मनाएं और समाज में भाईचारा मजबूत हो। पटेल सेवा संघ के सदस्य प्रदीप राउत ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान देने का अवसर भी है। पटेल चौक की यह परंपरा लोगों को आपसी भेदभाव भूलकर एकजुट होने और बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए प्रेरित करती है। मौके पर जगरनाथ दास, आलोक हाड़ी , अंकित राउत, राकेश नैनोलिया, सुबोध राउत, राहुल हाड़ी, बच्चन चौबे, राजकुमार राउत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।