रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
हावड़ा-नई दिल्ली मुख्य रेलखंड पर शनिवार को चितरंजन रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाते ही राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष आंकी जा रही है। उसका शव स्टेशन से करीब 200 मीटर दूर अप लाइन पर पोल संख्या 236/29 और 236/31 के बीच पटरी किनारे औंधे मुंह पड़ा हुआ पाया गया। प्राथमिक जांच में पुलिस आशंका जता रही है कि युवक किसी चलती ट्रेन से संतुलन बिगड़ने के कारण नीचे गिर गया होगा, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। हालांकि, जीआरपी हर संभावित कोण से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। जीआरपी आसपास के थानों के संपर्क में है और गुमशुदा व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाल कर पहचान जुटाने में लगी है।