रफ्तार मीडिया संवाददाता पवन गुप्ता।

​खलारी : खलारी प्रखंड के अंतर्गत चूरी पश्चिमी पंचायत से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ पहले से बनी हुई एक सड़क पर दोबारा लाखों रुपए खर्च कर निर्माण कार्य कराने का आरोप लगा है। मामला चूरी पश्चिमी पंचायत के भूत नगर का है, जहाँ डीएमएफटी  फंड से लगभग 24 लाख रुपए की लागत से एक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।इस मामले को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। चूरी पश्चिमी की पंचायत समिति सदस्य कुंजीता देवी ने इस योजना पर सीधे सवाल खड़े करते हुए विभागीय अधिकारियों और संवेदक (ठेकेदार) पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
​"बनी हुई सड़क पर दोबारा सड़क बनाना सरासर भ्रष्टाचार"
​पंचायत समिति सदस्य कुंजीता देवी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भूतनगर में जिस सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, वह पहले से ही पूरी तरह बनी हुई है। ऐसे में बनी हुई सड़क पर फिर से जनता के पैसे (24 लाख रुपए) खर्च करना कहीं न कहीं सीधे तौर पर भ्रष्टाचार और सरकारी राशि का दुरुपयोग है। अगर यही राशि प्रखंड के किसी अन्य जरूरतमंद या जर्जर रास्ते पर खर्च की जाती, तो क्षेत्र का वास्तविक विकास दिखाई देता।
   ​कल विधायक करेंगे शिलान्यास, संवेदक की       सफाई
​मिली जानकारी के अनुसार, इस विवादित सड़क का शिलान्यास कल कांके विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश कुमार बैठा के द्वारा किया जाना तय हुआ है।
​दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर कार्य कर रहे संवेदक (ठेकेदार) का पक्ष भी सामने आया है। संवेदक का कहना है कि यह सड़क कई जगहों से टूटी-फूटी है, इसलिए इसका पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि सड़क की स्थिति ऐसी नहीं है कि उस पर दोबारा 24 लाख रुपए जैसी मोटी रकम फूंक दी जाए।
        ​जनता में असंतोष, जांच की मांग
​ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई ऐसे गांव और टोले हैं जहाँ आज भी लोग कच्ची और जर्जर सड़कों पर चलने को मजबूर हैं। वैसी जगहों को छोड़कर एक अच्छी-खासी सड़क पर दोबारा फंड पास करना प्रशासनिक लापरवाही और संवेदक की सांठगांठ को दर्शाता है। स्थानीय लोगों ने इस मामले में उच्च अधिकारियों से जांच की मांग की है ताकि जनहित के पैसे का सही इस्तेमाल हो सके।