रफ्तार मीडिया / संवाददाता जामताड़ा: जामताड़ा अपर समाहर्त्ता सह जिला जनगणना पदाधिकारी पूनम कच्छप की अध्यक्षता में शनिवार को जनगणना 2027 से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर किया गया।बैठक में जनगणना के प्रथम चरण के तहत चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।गौरतलब है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक जिले में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य चलाया जा रहा है। बैठक में उप मंडल जनगणना पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अपर जिला जनगणना पदाधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। बैठक के दौरान क्षेत्रवार प्रगति, प्रपत्र संधारण तथा गणना कार्य में आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने विभिन्न चार्ज क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य को गति देने पर बल दिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करें। अपर समाहर्त्ता पूनम कच्छप ने कहा कि जनगणना कार्य भारत सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रक्रिया है। इसके आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं, संसाधनों का वितरण तथा नीतिगत निर्णय तय किए जाते हैं। इसलिए आंकड़ों का संकलन पूरी सटीकता और पारदर्शिता के साथ किया जाना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।