रांची: राजधानी रांची के दशम फॉल थाना क्षेत्र में युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि यह हत्या प्रेम संबंध में हुए विवाद के कारण की गई थी। पुलिस ने मामले में 18 वर्षीय आरोपी चेतन मुंडा को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रामीण एसपी ने बताया कि 23 जून को दशम फॉल थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवती का शव मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर एसडीपीओ बुंडू के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मृतका की पहचान खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय हिस्सी कुमारी के रूप में हुई।

पुलिस जांच में पता चला कि 17 जून की रात दोनों की मुलाकात के दौरान किसी अन्य युवक को लेकर बातचीत हुई। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में चेतन मुंडा ने दुपट्टे से गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए घटनास्थल पर ही गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। कुछ दिनों बाद शव का हिस्सा जमीन से बाहर आने पर घटना का खुलासा हुआ और पुलिस जांच शुरू हुई।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के मोबाइल फोन की लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का विश्लेषण किया, जिससे आरोपी तक पहुंचना संभव हुआ। आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल सहित अन्य साक्ष्य भी जब्त कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है।