अयोध्या शहर के अंगूरी बाग स्थित आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले आशीष जायसवाल ने कॉलोनी निवासी मोहित गुलाटी पर शराब के नशे में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी आए दिन नशे की हालत में कॉलोनी और आसपास के लोगों से विवाद करता है, जिससे क्षेत्र के लोग भय और असुरक्षा का माहौल महसूस कर रहे हैं। पीड़ित आशीष जायसवाल ने बताया कि जब उन्होंने आरोपी को अभद्र भाषा का प्रयोग करने से रोका तो वह आक्रामक हो गया और हाथापाई पर उतर आया। मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि आरोपी अक्सर नशे में दुकानदारों और मोहल्लेवासियों के साथ दुर्व्यवहार करता है, लेकिन विवाद के डर से लोग खुलकर विरोध नहीं कर पाते। पीड़ित ने बताया कि आरोपी द्वारा उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार और झूठे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से उनकी आरोपी से कोई बातचीत तक नहीं हुई है। इसके बावजूद उन्हें झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की जा रही है। मामले को लेकर आशीष जायसवाल ने कोतवाली नगर में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से अपील की है कि कॉलोनी में शांति व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।