शिकारीपाड़ा/दुमका/रफ्तार मीडिया।ललित कुमार पाल।

दुमका जिला के शिकारीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत कुशपहाड़ी पंचायत सचिवालय में दीप ज्योति झारखंड विकास केंद्र के तत्वावधान में "सुरक्षित जीवन" कार्यक्रम के तहत एक विशेष जागरूकता कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में कुशपहाड़ी पंचायत की मुखिया श्रीमती शिशिलिया सोरेन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकारीपाड़ा के बी.टी.टी. संदीप मंडल, सहिया साथी पुष्पा मरांडी, प्रमिला किस्कू तथा शिवपहाड़ी पंचायत की सहिया दीदी लूसिया हेंब्रम, बिना बास्की, शांति हॉसदा, कल्याणी हॉसदा, टैनिसिल्ला टुडू, सुनीता किस्कू, सुहागिनी मरांडी और सन्नी मुर्मू सहित कई सहिया दीदियों ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सक्रिय भूमिका निभाई। कैंप में कुशपहाड़ी पंचायत के विभिन्न गांवों की महिलाओं और किशोरियों ने भारी संख्या में बढ़कर हिस्सा लिया।
शिविर में उपस्थित महिलाओं एवं किशोरियों को संबोधित करते हुए दीप ज्योति झारखंड विकास केंद्र की सचिव श्रीमती चंचल सोनी ने कहा कि मासिक धर्म प्रकृति द्वारा दिया गया एक वरदान है और इसके दौरान स्वच्छता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि इस दौरान साफ-सफाई पर ध्यान न देने का सीधा दुष्प्रभाव प्रजनन स्वास्थ्य पर पड़ता है, जिससे आने वाली पीढ़ी भी प्रभावित हो सकती है। सही जानकारी और स्वच्छता के अभाव में कई अंदरूनी और गंभीर बीमारियां हो सकती हैं, जो आगे चलकर जानलेवा साबित होती हैं और इससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ता है। इन बीमारियों से बचाव के लिए उन्होंने हमेशा उच्च गुणवत्ता वाले सेनेटरी नैपकिन पैड का इस्तेमाल करने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया श्रीमती शिशिलिया सोरेन, सहिया साथी पुष्पा मरांडी और प्रमिला किस्कू ने स्थानीय भाषा में उपस्थित महिलाओं को संबोधित किया। स्थानीय भाषा में जानकारी दिए जाने से महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी सावधानियों और साफ पानी के उपयोग के महत्व को समझने में काफी आसानी हुई। इस अवसर पर मुखिया एवं सहिया साथी द्वारा सभी उपस्थित महिलाओं और किशोरियों को शपथ दिलाई गई कि वे भविष्य में मासिक धर्म के दौरान हमेशा स्वच्छता और साफ पानी का ही उपयोग करेंगी।
कार्यक्रम के मुख्य चरण में संस्था द्वारा एन.आर.एल. के सी.एस.आर. योजना के तहत शिविर में मौजूद लगभग 750 महिलाओं एवं किशोरियों के बीच नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन पैड का वितरण किया गया और इसके सही उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कैंप के सफल आयोजन पर स्थानीय मुखिया, बी.टी.टी. संदीप मंडल, सहिया दीदियों तथा उपस्थित महिलाओं व किशोरियों ने खुशी जताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए इस तरह के शिविरों का आयोजन समय-समय पर होते रहना चाहिए।