logo

गम्हरिया प्रखंड सभागार में आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर अहम बैठक, 136 बीएलओ व सुपरवाइजरों को दिए गए निर्देश

 

सरायकेला: आगामी आदित्यपुर नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर गम्हरिया प्रखंड सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गम्हरिया अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार ने की। इसमें आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 136 बूथों के बीएलओ एवं उनके सुपरवाइजर उपस्थित रहे।बैठक में अंचल अधिकारी ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाने वाली मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप, छाया की व्यवस्था तथा सुरक्षा के मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इसके साथ ही उन्होंने मतदान से पूर्व प्रत्येक मतदाता तक मतदाता पर्ची (वोटर स्लिप) समय पर पहुंचाने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में दर्ज सभी मतदाताओं को पर्ची वितरण की प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाए।बैठक में मतदान केंद्र के रूप में चयनित विद्यालयों के प्रभारियों के साथ भी समन्वय को लेकर चर्चा की गई। अंचल अधिकारी ने निर्देश दिया कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदान कर्मियों, पीठासीन पदाधिकारियों एवं अन्य नियुक्त कर्मियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की सूची तैयार कर उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों से चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।बैठक के अंत में अधिकारियों ने भरोसा जताया कि सभी बूथों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी, जिससे आदित्यपुर नगर निगम चुनाव शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS