रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
चित्तरंजन के 13 वर्षीय कराटे खिलाड़ी अनिरबान दिगर ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए नया इतिहास रच दिया है। नई दिल्ली के प्रतिष्ठित तालकटोरा स्टेडियम में 7 से 9 अगस्त तक आयोजित ऑल इंडिया नेशनल कराटे चैंपियनशिप के अंडर-14 वर्ग में अनिरबान ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम हासिल किया। देशभर के लगभग 3,000 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच पश्चिम बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हुए अनिरबान ने राजस्थान, दिल्ली और बिहार के कड़े प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त देकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की। चित्तरंजन रेल नगरी के 39 नंबर स्ट्रीट निवासी और बी.आर.एस. स्कूल के छात्र अनिरबान ने अपनी इस बड़ी सफलता का श्रेय निरंतर कड़े अभ्यास और अपने कोच मोहम्मद रावेद इकबाल के सटीक मार्गदर्शन को दिया है। पढ़ाई के साथ-साथ कराटे में महारत हासिल कर रहे अनिरबान का सपना भविष्य में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करना है। छोटी सी उम्र में मिली इस शानदार राष्ट्रीय सफलता से न केवल उनके परिवार और विद्यालय में, बल्कि संपूर्ण चित्तरंजन रेलनगरी एवं पश्चिम बर्धमान जिले में जश्न का माहौल है।