दिनबंधु राउत / जामताड़ा :जामताड़ा जिले में विभिन्न सामाजिक और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देश में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों, अवैध कब्जों और कथित सुनियोजित षड्यंत्रों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की गई।कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश के सामाजिक ताने-बाने और आपसी सद्भाव को प्रभावित करने वाली घटनाओं में वृद्धि हो रही है, जिस पर समय रहते नियंत्रण जरूरी है। ज्ञापन में विभिन्न मामलों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया कि कुछ स्थानों पर महिलाओं और युवतियों के साथ शोषण, धोखाधड़ी और जबरन धर्मांतरण जैसी घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा सार्वजनिक और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों को भी गंभीर समस्या बताया गया। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जनजातीय और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। साथ ही समाज में वैमनस्य फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई। बजरंग दल के जिला संयोजक अनूप राय ने कहा कि हमारा उद्देश्य समाज में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करना है। प्रशासन को चाहिए कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि आम जनता में विश्वास कायम रहे।कार्यकर्ताओं ने मांग की कि अवैध कब्जों को तत्काल हटाया जाए और महिलाओं की सुरक्षा तथा जबरन धर्मांतरण जैसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कानून लागू किए जाएं। ज्ञापन सौंपने के दौरान कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। मौके पर विहिप जिला अध्यक्ष अनूप राय, जिला मंत्री संजय परशुरामका, कृष सरकार , चंदन महतो , अभिजीत मंडल , जीत दूबे सहित अन्य उपस्थित थे।