रफ्तार मीडिया, बालूमाथ

बालूमाथ। बालूमाथ थाना क्षेत्र के धांधू पंचायत अंतर्गत चितरपुर गांव में एक बुजुर्ग आदिवासी की हत्या के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मंगलवार को गांव के समीप बिगन उरांव का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या की इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।ग्रामीणों के अनुसार सुबह जब लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए निकले तो गांव के समीप एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। बाद में मृतक की पहचान चितरपुर निवासी बिगन उरांव के रूप में हुई। शव पर मिले जख्मों के निशान से आशंका जताई जा रही है कि उनकी हत्या धारदार हथियार से की गई है।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। धांधू पंचायत के मुखिया पति रामवृक्ष उरांव ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद बालूमाथ थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ कर पुलिस हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है।इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि शांत माने जाने वाले क्षेत्र में इस प्रकार की घटना चिंताजनक है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।