कुमार विक्रम रफ्तार मीडिया दुमका|दुमका जिला के मसलिया प्रखंड अंतर्गत दलाही लैम्पस में धान खरीदारी में बड़े पैमाने पर अनियमितता और गड़बड़ी का मामला सामने आया है। प्रखंड विकास पदाधिकारी अजफर हसनैन द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीडीओ अजफर हसनैन ने विगत 31 मार्च को दलाही स्थित लैम्पस का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान धान क्रय के रिकॉर्ड में कई गंभीर विसंगतियां पाई गईं। जांच में यह बात सामने आई कि क्रय केंद्र के सहायक प्रबंधक और उनकी पत्नी के नाम पर ही करीब 300 क्विंटल धान की खरीदारी दिखाई गई है। इसके अलावा, कई ऐसे परिवारों के नाम दर्ज हैं जहां माता-पिता, पति-पत्नी और भाई-भाई के नाम पर सैकड़ों क्विंटल धान की खरीद की गई है।जांच में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह आया कि कुछ ऐसे व्यक्तियों के नाम पर भी 100-100 क्विंटल से अधिक धान की खरीद दिखाई गई है, जिनके पास उतनी उपज के लिए पर्याप्त कृषि भूमि ही नहीं है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ ने जिला सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को पत्र लिखकर घोर अनियमितता की आशंका जताई है और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की अनुशंसा की है।इस मामले में सहकारिता प्रसार पदाधिकारी और केंद्र के सहायक प्रबंधक की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर मांग की जा रही है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो ताकि वास्तविक किसानों का हक मारने वाले दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके और व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।