रफ़्तार मीडिया/मेदिनीनगर /पलामू: छतरपुर अनुमंडल के नौडीहा बाजार प्रखंड अंतर्गत खैरादोहर पंचायत में बिजली व्यवस्था बदहाल है। जर्जर तार और टूटे पोल से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसे लेकर *युवा समाजसेवी सह पत्रकार पप्पू यादव* ने अनुमंडल पदाधिकारी, छतरपुर को ज्ञापन सौंपकर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में युवा समाजसेवी सह पत्रकार पप्पू यादव ने बताया कि ग्राम शिल्दाखुर्द पोस्ट खैरादोहर में भगवती सिंह के घर से लेकर जगेश्वर साव के घर तक 440 वोल्ट का बिजली पोल कई जगहों पर टूट कर सड़क पर झूल रहा है। इससे जान माल के नुकसान की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि बिजली विभाग के पदाधिकारी को कई बार शिकायत करने के बाद भी तार-पोल की मरम्मत नहीं कराई गई। इससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी घटना के लिए बिजली विभाग जिम्मेदार होगा।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रखंड में बिजली की समस्या चरम सीमा पर है। गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं। किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे, बच्चों की पढ़ाई बाधित है और महिलाओं को खाना बनाने में दिक्कत हो रही है। बार बार आश्वासन के बाद भी बिजली बहाल नहीं की जा रही।
युवा समाजसेवी सह पत्रकार पप्पू यादव ने एसडीओ से मांग की है कि पोल और तार की तुरंत मरम्मत कराते हुए बिजली व्यवस्था बहाल की जाए।