कानपुर नगर, 18 अप्रैल 2026: कानपुर में 'लव जिहाद' के नाम पर कथित अवैध धर्मांतरण और सामाजिक सुरक्षा को लेकर एक संगठन द्वारा जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन दिया गया। इस दौरान 'जय श्री राम' और 'बेटियों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान' के नारे भी लगाए गए।
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश से 13 सूत्रीय मांगें की हैं। ज्ञापन में 'लव जिहाद' मामलों की जांच के लिए हर जनपद में विशेष पुलिस थाने और स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) गठित करने की मांग की गई है।
मुख्य मांगों में फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित कर 6 माह में सुनवाई पूरी करने, धर्मांतरण में सहयोग करने वालों को संगठित अपराध की श्रेणी में लाकर कड़ी सजा देने, और अंतरधार्मिक विवाह में लड़की की न्यूनतम आयु 21 वर्ष करने का प्रस्ताव शामिल है।
ज्ञापन में विवाह के उद्देश्य से धर्मांतरण पर पूर्ण प्रतिबंध, समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने, और प्रभावित महिलाओं को विदेश भेजे जाने पर पूर्व सूचना एवं सुरक्षा व्यवस्था की बात कही गई है। साथ ही, जिम, हेयर सैलून और मसाज सेंटरों पर महिला ट्रेनर और संचालकों के नाम पते अनिवार्य रूप से अंकित करने की भी मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इन मामलों में संगठित अपराध और आतंकी कनेक्शन पाए जाते हैं, तो उन पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। फिलहाल, जिला प्रशासन ने ज्ञापन स्वीकार कर लिया है और मुख्यमंत्री कार्यालय को अग्रेषित करने का आश्वासन दिया है।