दिनेश कुमार रजक/ चित्तरंजन: रविवार को चिरेका एससी-एसटी एसोसिएशन के तत्वावधान में रविंद्र मंच में 'सीट एंड ड्रॉ' चित्रांकन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के करीब 150 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा को कागज पर जीवंत रूप दिया। प्रतियोगिता स्थल पर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। किसी ने प्रकृति के सुंदर दृश्य उकेरे तो किसी ने सामाजिक संदेशों को अपनी कला के माध्यम से प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगे चित्रों ने पूरे सभागार को एक जीवंत कला प्रदर्शनी का रूप दे दिया। संगठन के महासचिव एस.सी. ब्रह्म ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करना और उनमें कला के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है। उन्होंने आगे जानकारी दी कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।