रूपनारायणपुर:मंगलवार सुबह रूपनारायणपुर रेलवे स्टेशन के पास दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। डाउन लाइन पर एक युवक का शव दो टुकड़ों में कटा मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रूपनारायणपुर से आसनसोल जाने वाले अल्लादी रेल ओवरब्रिज के नीचे की है। सुबह करीब 8:30 बजे स्थानीय लोगों ने डाउन लाइन पर पोल नंबर 231/16 के पास युवक का शव पड़ा देखा। शव दो हिस्सों में बंटा हुआ था और सिर धड़ से पूरी तरह अलग था। लोगों ने तुरंत सीतारामपुर जीआरपी और रूपनारायणपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक युवक के घने बाल और मूछें थीं। उसने नीली जींस और सफेद-हरे रंग की धब्बेदार टी-शर्ट पहनी थी। टी-शर्ट के पीछे अंग्रेजी में बड़े अक्षरों में 5 लिखा हुआ था। युवक की उम्र 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक तौर पर मामला ट्रेन से कटकर मौत का लग रहा है। हालांकि, पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है कि यह हादसा है या आत्महत्या। सीतारामपुर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।