बिरनी/गिरिडीह | रफ्तार मीडिया | श्याम मोदी

बिरनी प्रखंड के कपिलो ग्राम पंचायत के मुखिया मुकेश यादव को पंचायती राज विभाग, झारखंड सरकार द्वारा 16वें वित्त आयोग के तहत वित्तीय वर्ष 2026–27 की "सबकी योजना, सबका विकास अभियान" के अंतर्गत वार्षिक कार्य योजना तैयार करने के लिए जिला एवं प्रखंड संसाधन दल में शामिल किया गया है। साथ ही जिला प्रशासन ने उन्हें मास्टर ट्रेनर के रूप में नामित किया है।
इस संबंध में मुखिया मुकेश यादव ने बताया कि उनका तीन दिवसीय प्रशिक्षण 17 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक प्रमंडलीय प्रशिक्षण संस्थान, हजारीबाग में आयोजित होगा। प्रशिक्षण के बाद वे पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को वार्षिक कार्य योजना तैयार करने का प्रशिक्षण देंगे।
मुखिया मुकेश यादव ने इसे अपने लिए गौरव और बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण में भाग लेने के कारण वे 17 से 19 जुलाई तक पंचायत क्षेत्र में उपलब्ध नहीं रहेंगे। उन्होंने पंचायतवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि 20 जुलाई 2026 से पुनः अपने नियमित कार्यों एवं जनसेवा के लिए उपस्थित रहेंगे।