रिपोर्ट: विजय कुमार साव सरायकेला ब्यूरो चीफ
सरायकेला:सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत उपरबेड़ा गांव में वीर शहीद रतिलाल महतो का 27वां शहादत दिवस श्रद्धा, सम्मान और भावपूर्ण वातावरण में मनाया गया। आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए तथा उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।समारोह के दौरान वरिष्ठ झामुमो नेता कालीपद सोरेन ने वीर शहीद रतिलाल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने शहीद के समाधि स्थल पर भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।इस अवसर पर कालीपद सोरेन ने कहा कि वीर शहीद का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि शहीदों के आदर्शों को आत्मसात कर युवाओं को राष्ट्र सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और देश की एकता-अखंडता के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लेना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीद रतिलाल महतो के अमर बलिदान को याद करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।