अजीत कुमार / दिल्ली
नई दिल्ली। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को अपना जन्मदिन स्थानीय नागरिकों और दिल्ली नगर निगम के स्वच्छता सैनिकों के साथ सादगी, आत्मीयता और सेवा भाव के साथ मनाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, युवा और गणमान्य लोगों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
महापौर प्रवेश वाही ने नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनके जीवन का सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि यही प्रेम उन्हें जनसेवा के लिए और अधिक समर्पण, ऊर्जा तथा प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। प्रवेश वाही अप्रैल 2026 से दिल्ली के महापौर हैं।
उन्होंने कहा, "दिल्ली की जनता का विश्वास मेरे लिए अमूल्य है। मेरा संकल्प है कि राजधानी के प्रत्येक नागरिक को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाया जाए तथा विकास कार्यों को पूरी पारदर्शिता और निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया जाए। जनसेवा ही मेरे जीवन का सर्वोच्च दायित्व है।"
जन्मदिन समारोह के बाद महापौर ने अपने क्षेत्रीय कार्यालय में दिल्ली नगर निगम के स्वच्छता सैनिकों के साथ दोपहर का भोजन किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों से आत्मीय संवाद किया, उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके कठिन परिश्रम और समर्पण की सराहना की।
महापौर ने कहा कि स्वच्छता सैनिक राजधानी की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। वे प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों और विपरीत मौसम में कार्य कर दिल्ली को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा, "आज अपने जन्मदिन पर स्वच्छता सैनिकों के साथ भोजन करना मेरे लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। यह उन कर्मयोगियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है, जो बिना किसी अपेक्षा के हर दिन राजधानी की सेवा में जुटे रहते हैं।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सहयोग से दिल्ली नगर निगम 'स्वच्छ दिल्ली, हरित दिल्ली' के संकल्प को जन-जन का अभियान बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। महापौर ने कहा कि स्वच्छता सैनिक इस अभियान के वास्तविक योद्धा हैं और निगम उनके सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा कल्याण के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।