दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/चित्तरंजन
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में राजनीतिक दबंगई और भ्रष्टाचार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के रूपनारायणपुर निवासी और तृणमूल कांग्रेस के ब्लॉक उपाध्यक्ष भोला सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को जब पुलिस ने उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच हेलमेट पहनाकर आसनसोल अदालत में पेश किया, तो वहां मौजूद भीड़ ने चोर-चोर के नारे लगाते हुए उन पर अंडों की बौछार कर दी। भोला सिंह पर अवैध पत्थर खदान संचालन, बालू तस्करी, जबरन वसूली, मारपीट और संपत्ति हड़पने जैसे कई गंभीर आरोप हैं। उनके साथ विनीत सिंह, अमित सिंह और अखिलेश प्रसाद के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई हिंदुस्तान केबल्स लिमिटेड के पूर्व कर्मचारी तपन चक्रवर्ती की शिकायत पर सालानपुर थाने में दर्ज केस नंबर 102/26 के आधार पर की गई है। पीड़ित का आरोप है कि परिवहन व्यवसाय के बदले उनसे भारी वसूली मांगी गई थी। मांग पूरी न होने पर 19 जुलाई 2023 को जबरन उनके फ्लैट के कागजातों पर हस्ताक्षर करवा लिए गए और तृणमूल कार्यालय में बुलाकर मारपीट की गई। आरोपियों पर पीड़ित के परिवार और महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार करने तथा बिहार-झारखंड के थानों में झूठे केसों में फंसाने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। भोला सिंह को आसनसोल नगर निगम के मेयर और पूर्व बाराबनी विधायक विधान उपाध्याय का बेहद करीबी माना जाता है। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी से सालानपुर और बाराबनी क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। जहां विपक्ष इसे कानून के राज की शुरुआत बता रहा है, वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने फिलहाल इस पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है।