राजन साहू, कानपुर
*कानपुर*। वरिष्ठ पत्रकार और निष्पक्ष पत्रकारिता के पर्याय रहे स्वर्गीय सुरेश त्रिवेदी को रविवार को कानपुर जर्नलिस्ट क्लब ने अशोक नगर स्थित हिंदी पत्रकार भवन में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में शहर के सैकड़ों पत्रकार, साहित्यकार और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय सुरेश त्रिवेदी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर किया गया। इस दौरान उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। वक्ताओं ने कहा कि सुरेश त्रिवेदी ने पत्रकारिता को सदैव जनसेवा का माध्यम माना। वे जीवनभर सत्य, निष्पक्षता और निर्भीकता के सिद्धांतों पर अडिग रहे। सभा में उनके साथ बिताए संस्मरण साझा किए गए। वक्ताओं ने युवा पत्रकारों से उनके आदर्शों और मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर कानपुर जर्नलिस्ट क्लब के महामंत्री ने कहा, "सुरेश जी ने पत्रकारों के हितों और निष्पक्ष पत्रकारिता का जो सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। क्लब उनके सिद्धांतों पर चलते हुए पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।"
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत कानपुर जर्नलिस्ट क्लब एवं विकासिका संस्था के संयुक्त तत्वावधान में काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सामाजिक सरोकारों, मानवीय संवेदनाओं और पत्रकारिता के मूल्यों को स्वर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, साहित्यकार और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।