दीपचंद्र दीक्षित/फर्रुखाबाद कायमगंज।  कोतवाली क्षेत्र के गांव अताईपुर की एक महिला की पंजाब के मोहाली में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब महिला का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अताईपुर निवासी विनोद कुमार पिछले करीब दो वर्षों से पंजाब के मोहाली में रहकर मजदूरी करते थे। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए वह लगातार मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। करीब एक माह पूर्व उन्होंने अपनी पत्नी नीरज देवी (42) को भी अपने पास मोहाली बुला लिया था।
बताया गया कि नीरज देवी सड़क पार कर रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई।
शुक्रवार रात पोस्टमार्टम के बाद नीरज देवी का शव उनके पैतृक गांव अताईपुर लाया गया। जैसे ही एंबुलेंस गांव पहुंची, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। गांव में हर ओर मातम पसरा रहा और लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते नजर आए।
मृतका अपने पीछे पति विनोद कुमार, पुत्र सूरज तथा दो पुत्रियों को छोड़ गई हैं। मां के असमय निधन से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर अचानक आए इस दुख से पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है।
ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतका की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है। यह हृदयविदारक घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।