दीपचंद्र दीक्षित, संवाददाता
फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र में गंगा स्नान के दौरान 12 वर्षीय बालक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक चार बहनों का इकलौता भाई था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र निवासी कृष्णा वाल्मीकि (12) पुत्र फूलचंद अपने कुछ साथियों के साथ मड़ियन घाट पर गंगा स्नान करने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण वह पानी में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों को जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, वह बदहवास हालत में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर कमालगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से बालक की तलाश शुरू कराई गई। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने कृष्णा का शव गंगा नदी से बरामद कर लिया।
शव बाहर निकलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि कृष्णा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और उसकी चार बहनें हैं। बेटे की असमय मौत से मां मोनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेटे को याद कर बेसुध हो रही थीं। परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों की आंखें भी नम हो गईं।
घटना के बाद पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लगातार गंगा घाटों पर हो रहे हादसों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और गोताखोरों की स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।