दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान एक प्रसूता एवं उसके नवजात शिशु की मौत के बाद राजनीति भी तेज हो गई है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह नेत्री सुजाता सिंह भैया ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मृतका की पहचान रीना देवी (34 वर्ष), पति कन्हैया रवानी निवासी सरकार बांध आजाद पाड़ा जामताड़ा निवासी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रीना देवी को गुरुवार सुबह करीब छह बजे प्रसव के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टर एवं नर्स ने बाहर से दवा और इंजेक्शन मंगवाने के बाद मरीज की स्थिति गंभीर बताते हुए धनबाद रेफर करने की बात कही। इसी दौरान रीना देवी और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया और प्रशासन से न्याय की मांग की। भाजपा नेत्री सुजाता सिंह भैया ने कहा कि जामताड़ा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान रीना देवी एवं उसके नवजात शिशु की हुई दुखद मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक और चिंताजनक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। आए दिन सरकारी अस्पतालों में इलाज के अभाव, चिकित्सकीय लापरवाही और संसाधनों की कमी के कारण लोगों की जान जा रही है। उनका आरोप है कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में पूरी तरह विफल रही है और आम जनता इसकी कीमत अपनी जान देकर चुका रही है।सुजाता सिंह भैया ने कहा कि यदि सरकार नैतिक जिम्मेदारी समझती है तो स्वास्थ्य मंत्री को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही उन्होंने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चिकित्साकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।