दिनेश कुमार रजक /मिहिजाम:दोपहर के समय मिहिजाम के कुर्मीपाड़ा क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक घर के आंगन में करीब चार फीट लंबा जहरीला सांप कुंडली मारकर बैठा दिखाई दिया। घर के सदस्य रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे तभी उनकी नजर आंगन के कोने पर पड़ी और सांप को देखकर सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई। लोग तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर भागे। खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। लेकिन सांप के जहरीला होने की आशंका से कोई भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका। सांप कभी सामान के पीछे छिप जाता तो कभी फन फैलाकर इधर-उधर सरकने लगता, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई। स्थिति को गंभीर देखते हुए तुरंत स्थानीय स्नेक कैचर लालू यादव को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचते ही लालू यादव ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सांप काफी सक्रिय और आक्रामक था, इसलिए पकड़ने में विशेष सावधानी बरती गई। काफी मशक्कत के बाद विशेष उपकरणों की मदद से उसे सुरक्षित पकड़कर डिब्बे में बंद कर दिया गया। सांप के पकड़े जाने के बाद घर वालों और पड़ोसियों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद लोगों ने बरसात के मौसम में घर और आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की। साथ ही कहा कि सांप दिखने पर उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत विशेषज्ञों को सूचना दें। मिहिजाम के वासियों से विशेष निवेदन है कि वे अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों को साफ सुथरा रखें ताकि ऐसी अनहोनी से बच सकें।