मुजफ्फरपुर। बिहार के लिए गौरव की बात है कि कुढ़नी प्रखंड के पुपरी गांव निवासी सुशांत कुमार का चयन विश्व के सबसे प्रतिष्ठित संचार एवं रचनात्मकता सम्मेलनों में से एक कान्स लायंस इंटरनेशनल फेस्टिवल ऑफ क्रिएटिविटी 2026 के लिए हुआ है। यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन 22 से 26 जून 2026 तक फ्रांस के कान्स शहर में आयोजित होगा।
सुशांत कुमार वर्तमान में बेंगलुरु स्थित एक गैर-सरकारी संस्था (एनजीओ) में संचार टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। उनका चयन कान्स लायंस के प्रतिष्ठित ईआरए (ERA) कार्यक्रम के तहत किया गया है। इस कार्यक्रम में चयन के लिए दुनिया भर से हजारों आवेदन प्राप्त होते हैं, जिसके कारण इसकी प्रतिस्पर्धा अत्यंत कठिन मानी जाती है।
वर्ष 1954 में शुरू हुए कान्स लायंस फेस्टिवल को संचार, विज्ञापन, रचनात्मकता और सामाजिक प्रभाव के क्षेत्र का सबसे बड़ा वैश्विक मंच माना जाता है। सुशांत कुमार को सामाजिक परिवर्तन के लिए संचार के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और नवाचारपूर्ण कार्यों के आधार पर यह अवसर मिला है।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल मुजफ्फरपुर और कुढ़नी क्षेत्र, बल्कि पूरे बिहार का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने उनकी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

संवाददाता :- सुमन कुमार 
                    कुढ़नी