दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 


मोहर्रम पर्व के अवसर पर शुक्रवार को जामताड़ा शहर के सुभाष चौक पर नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता एवं समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता के सौजन्य से ठंडा पानी एवं कोल्डड्रिंक वितरण का आयोजन किया गया। सेवा और सौहार्द की भावना से आयोजित इस पहल की लोगों ने जमकर सराहना की। मोहर्रम जुलूस के दौरान पाकडीह, सरखेलडीह, राजबाड़ी, रहमुडंगाल, जीतूडंगाल, मियांडीह, फागुडीह, नाराडीह, बुधुडीह, मोहड़ा, पोसोई, शहरपूरा, चिरूनबांध सहित आसपास के कई गांवों की ताज़िया एवं अखाड़ा समितियां सुभाष चौक पहुंचीं। यहां पहले से लगाए गए सेवा शिविर में सभी जुलूसों में शामिल लोगों का ठंडा पानी और कोल्डड्रिंक से स्वागत किया गया। भीषण गर्मी के बीच इस सेवा शिविर ने जुलूस में शामिल लोगों को काफी राहत पहुंचाई।शिविर में स्वयं नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता एवं उनके सहयोगियों ने श्रद्धालुओं और अखाड़ा समिति के सदस्यों को अपने हाथों से पानी और शीतल पेय वितरित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सेवा, अनुशासन और आपसी भाईचारे का सुंदर माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा मोहर्रम त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा करना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारा बना रहे, यही हमारी कामना है। नगरवासियों की सेवा करना हमारी प्राथमिकता है और आगे भी ऐसे सामाजिक कार्य निरंतर जारी रहेंगे। वहीं समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य है। मोहर्रम के जुलूस में शामिल लोगों को गर्मी से राहत मिले, इसी उद्देश्य से ठंडा पानी और कोल्डड्रिंक वितरण की व्यवस्था की गई। जामताड़ा की गंगा-जमुनी संस्कृति और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। भविष्य में भी सामाजिक एवं जनसेवा के ऐसे कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे। स्थानीय लोगों और विभिन्न अखाड़ा समितियों के सदस्यों ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का काम करते हैं। पूरे आयोजन के दौरान सुभाष चौक पर उत्साह, अनुशासन और भाईचारे का माहौल बना रहा। मौके पर उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील बाउरी, समाजसेवी रमेश  राउत,टिंकू साव,अमन गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।