दिनबंधु राउत / जामताड़ा :जामताड़ा सदर प्रखंड के बड़जोड़ा पंचायत के विभिन्न गांवों में गुरुवार को पेयजल समस्या निवारण पखवाड़ा के तहत सघन जांच एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी अविश्वर मुर्मू के नेतृत्व में गठित जांच दल ने पंचायत क्षेत्र का दौरा कर पेयजल व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान पंचायत भवन में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र में पेयजल से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने बंद पड़े चापाकलों, खराब पानी टंकियों एवं जल आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को अधिकारियों के समक्ष रखा। बैठक के पश्चात जांच दल ने विभिन्न गांवों का भ्रमण कर बंद पड़े चापाकलों और पानी टंकियों की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर चापाकल खराब पाए गए, जिनके शीघ्र मरम्मत का निर्देश संबंधित विभाग को दिया गया। वही प्रखंड विकास पदाधिकारी अविश्वर मुर्मू ने आश्वासन दिया कि सभी खराब चापाकलों एवं जल स्रोतों को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाएगा, ताकि आने वाले गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस दिशा में गंभीर है और हर स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुचारू रूप से बहाल हो जाएगी।