दीपचंद्र दीक्षित ब्यूरो

शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। प्राथमिक विद्यालय शमसाबाद प्रथम (अंग्रेजी माध्यम) का जर्जर भवन बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। इस संबंध में नगर पंचायत शमसाबाद के अध्यक्ष की ओर से बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को पत्र भेजकर भवन का शीघ्र ध्वस्तीकरण कराए जाने की मांग की गई है।

नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने 2 अगस्त 2025 को पंजीकृत डाक के माध्यम से तथा 22 जुलाई 2026 को पुनः पत्र भेजकर अवगत कराया था कि विद्यालय परिसर स्थित पुराना भवन अत्यंत जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। भवन कभी भी धराशायी हो सकता है, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों एवं शिक्षकों के साथ कोई अप्रिय घटना होने की आशंका बनी हुई है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर पंचायत कार्यालय की ओर से 5 अगस्त 2024 को भी बीएसए कार्यालय को इस संबंध में पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इसी क्रम में चेयरमैन प्रतिनिधि श्री नदीम अहमद फारूकी ने स्वयं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, फर्रुखाबाद से मुलाकात कर पत्र सौंपते हुए जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई कराने का पूर्ण आश्वासन दिया।

नगर पंचायत की ओर से कहा गया कि जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण के बाद विद्यालय परिसर में बच्चों के लिए खेल मैदान तथा पाठ्य सहगामी गतिविधियों के संचालन हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो जाएगा, जिससे विद्यालय का शैक्षिक वातावरण भी बेहतर होगा। स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।