ओमप्रकाश तिवारी
डीएम-एसपी ने लोगों से की शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील, ताजिया जुलूस की ड्रोन से होगी निगरानी
मोतिहारी, 25 जून।
मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
प्रशासन द्वारा ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी जुलूस और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी एवं वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
मुहर्रम की पूर्व संध्या पर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में मोतिहारी शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च गांधी चौक, मीना बाजार, मिस्कॉट, हनुमानगढ़ी, पंच मंदिर एवं ज्ञान बाबू चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।
फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से मुहर्रम का पर्व शांति, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान जिला प्रशासन हर कदम पर लोगों के सहयोग के लिए तत्पर है। सभी लोग आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, शरारती गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर है और ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च में सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।