बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़
आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना परिसर में शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, अंजुमन कमेटी, अखाड़ा कमेटी एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया और पर्व के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुहर्रम आस्था और अनुशासन का पर्व है तथा सभी समुदायों के सहयोग से इसे शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने सभी समिति सदस्यों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
बैठक में मुहर्रम जुलूस के निर्धारित रूट, समय निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि जुलूस निर्धारित मार्ग और तय समय के अनुसार ही निकाला जाएगा तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की सलाह दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
बैठक में जानकारी दी गई कि 26 जून को चौड़ा मील मैदान में सामूहिक अखाड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें झारखंड एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले कई ताजिया जुलूस शामिल होंगे।
बैठक में उप प्रमुख मोहम्मद एकराम, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव, सब इंस्पेक्टर सोमा उरांव, नोवेल एक्का, चौड़ा के उप मुखिया लाल मोहम्मद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।