जितेंद्र कुमार दास/तोपचांची: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को तोपचांची थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं विभिन्न समुदाय के लोगों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई। थाना प्रभारी लव कुमार ने कहा कि बकरीद पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
प्रखंड प्रमुख आनंद महतो ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर भाईचारे के साथ बकरीद पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत तोपचांची थाना को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
मौके पर प्रमुख आनंद महतो, उप प्रमुख हेमलाल महतो, अंचलाधिकारी नीलू टुडू, थाना प्रभारी लव कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग मौजूद थे।