फतह सिंह उजाला:गुरुग्राम 19 मई । “टीबी मुक्त गुरुग्राम” के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की दिशा में मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पालड़ा में सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत टीबी जांच, देखभाल एवं पोषण सहायता परियोजना का शुभारंभ किया गया। यह परियोजना जीएलआरए इंडिया द्वारा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी), गुरुग्राम के सहयोग से संचालित की जाएगी।
90 गांवों और हजारों परिवारों को अप्रत्यक्ष लाभ
यह परियोजना गुरुग्राम जिले की तीन प्रमुख टीबी यूनिट बादशाहपुर, भोंडसी और भांगरोला में संचालित की जाएगी। परियोजना का उद्देश्य टीबी मरीजों को समय पर जांच, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, पोषण सहायता और उपचार सहयोग उपलब्ध कराना है। परियोजना के अंतर्गत दो नामित माइक्रोस्कोपी केंद्र (डीएमसी) का विकास और एक नए डीएमसी की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा लगभग 325 कुपोषित और आर्थिक रूप से कमजोर टीबी मरीजों को पोषण सहायता दी जाएगी। सामुदायिक स्तर पर टीबी जांच, संपर्क जांच, जागरूकता अभियान और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
इस पहल से जिले के लगभग 90 गांवों और हजारों परिवारों को अप्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है। साथ ही 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और 3 टीबी यूनिटों की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
जांच, नियमित उपचार, पोषण सहायता जरूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. योगेंद्र ने कहा कि समय पर जांच, नियमित उपचार और पोषण सहायता टीबी उन्मूलन के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहयोग और जागरूकता के माध्यम से ही “टीबी मुक्त भारत” के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन परियोजना प्रबंधक गौरव शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. योगेंद्र, चिकित्सा एमओटीसी डॉ. निधि, डॉ. श्वेता, एमओआईसी डॉ. नूतन सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
टीबी उन्मूलन के प्रति कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता
सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से राजेश नायर, शारदा प्रसाद, अंजू, मुकेश और लतिका ने भाग लिया तथा टीबी उन्मूलन के प्रति कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता साझा की।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की ओर से सार्वजनिक-निजी समन्वय प्रभारी (पीपीएम) पूनम और जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) मनीषा उपस्थित रहीं। वहीं जीएलआरए इंडिया की ओर से डॉ. दिनेश, गीतांजलि, गौरव शर्मा, बबलू, मनीष, साहिल और प्रमोद ने कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय में सहयोग दिया। कार्यक्रम में पालड़ा गांव से रविन्द्र और हरीश चंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।