ओमप्रकाश तिवारी 
मोतिहारी, 19 जून 2026। शिक्षा भवन स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एसएसए) प्रह्लाद प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में पीएम  विद्यालय योजना की समीक्षा सह उन्मुखीकरण बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए डीपीओ ने कहा कि प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम ) योजना नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप है। ये विद्यालय केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास, कौशल, नैतिक मूल्यों और 21वीं सदी की आवश्यक दक्षताओं के विकास पर भी विशेष ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालय समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिले के चयनित पीएम श्री विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब, अटल टिंकरिंग लैब, डिजिटल लाइब्रेरी, खेल अवसंरचना तथा व्यावसायिक शिक्षा की सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। शिक्षकों के क्षमता संवर्धन के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित होंगे तथा समुदाय की सहभागिता को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
डीपीओ ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में चल रहे निर्माण एवं उन्नयन कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करें। साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर विद्यालयों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करें।
बैठक में जिला कार्यक्रम संभाग प्रभारी दिलीप कुमार, रमेश कुमार, राजीव कुमार सिंह, कमलेश कुमार सिंह सहित चयनित पीएम श्री विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।