सरायकेला: चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत बिरराजपुर रेलवे स्टेशन परिसर में विकास कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। स्टेशन परिसर में करण इंटरप्राइजेज के कर्मचारी द्वारा लोहे की गैस कटिंग के लिए घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग किए जाने का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर सवाल उठने लगे हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन परिसर में करण एंटरप्राइजेज द्वारा चल रहे निर्माण कार्य के दौरान लोहे की कटिंग के लिए घरेलू गैस सिलेंडर का खुलेआम इस्तेमाल किया जा रहा था। हैरानी की बात यह रही कि कैमरे की मौजूदगी के बावजूद कार्य जारी रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक अथवा औद्योगिक कार्यों में करना नियमों के विरुद्ध है और इससे गंभीर दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय यह भी बना हुआ है कि स्टेशन से कुछ ही दूरी पर इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बॉटलिंग गैस प्लांट स्थित हैं। ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर इस प्रकार का कार्य कराया जाना कई सवाल खड़े करता है।सूत्रों का दावा है कि चक्रधरपुर रेल मंडल में कुछ ठेकेदारों द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए कार्य कराए जा रहे हैं। आरोप है कि कई जगहों पर मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के काम लिया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।स्थानीय लोगों ने बताया कि पूरे मामले की शिकायत जिला प्रशासन तक पहुंचाई गई है। शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बताया जाता है कि उपायुक्त ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की बात कही है।अब देखने वाली बात होगी कि रेलवे प्रशासन और संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं तथा घरेलू गैस सिलेंडर के कथित दुरुपयोग और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के लिए जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होती है।