दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो /बोकारो 

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत मतदाताओं को त्वरित सहायता एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाहरणालय, बोकारो में स्थापित 24×7 हेल्पलाइन कॉल सेंटर का शुभारंभ जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ)-सह-उपायुक्त अजय नाथ झा ने सोमवार को रिबन काटकर किया।
हेल्पलाइन के शुभारंभ के तुरंत बाद प्राप्त पहली कॉल का उत्तर स्वयं डीईओ-सह-डीसी अजय नाथ झा ने दिया। उन्होंने 36-बोकारो विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चास निवासी मतदाता तापेश कुमार से सीधे संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
बातचीत के दौरान मतदाता ने गणना प्रपत्र तथा पूर्व में संपन्न विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान हुई मैपिंग से संबंधित शंकाओं पर स्पष्टीकरण चाहा।डीईओ-सह-डीसी ने उन्हें पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। साथ ही उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि यदि उन्हें गणना प्रपत्र प्राप्त करने, भरने, जमा करने अथवा एसआईआर से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता की आवश्यकता हो, तो वे 24×7 हेल्पलाइन का अधिकतम उपयोग करें।डीईओ-सह-डीसी ने कहा कि हेल्पलाइन का उद्देश्य प्रत्येक मतदाता तक समय पर सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना है, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को अधिक पारदर्शी, सुगम, प्रभावी एवं नागरिक-अनुकूल बनाया जा सके। 
उन्होंने कहा कि मतदाताओं की सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक पात्र मतदाता तक आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जाएगी।