दिनांक-18.04.2026 को उप विकास आयुक्त, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी डॉ. प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अंतर्गत नव पदस्थापित प्रखंड समन्वयकों के साथ प्रशिक्षण-सह-परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, जिला समन्वयक, सभी जिला सलाहकार एवं प्रखंड समन्वयक उपस्थित थे। सर्वप्रथम सभी प्रखंड समन्वयकों से परिचय प्राप्त किया गया और निदेशित किया गया कि वे आज ही नव पदस्थापित प्रखंडों में अपना योगदान देना सुनिश्चित करें।
उप विकास आयुक्त ने स्वच्छता के निर्धारित सभी मापदंडों की गहन समीक्षा कर जमीनी स्तर पर अपेक्षित प्रगति लाने हेतु सख्त निर्देश दिए।
*बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश:*
1. *भौतिक सत्यापन अनिवार्य:* व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के बाद योग्य लाभुकों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य होगा। सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही लाभुकों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाए।
2. *शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कलेक्शन:* स्वच्छता के प्रति जागरूकता और व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रत्येक घर से रोजाना कचरा उठाव को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
3. *ई-रिक्शा मरम्मति में प्राथमिकता:* सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा उठाव हेतु उपलब्ध ई-रिक्शा एवं पैडल रिक्शा के मरम्मति कार्य को प्राथमिकता दी जाए। प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी एवं पंचायत सचिवों को 15वीं वित्त आयोग की राशि से मरम्मति कार्य अविलंब सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
4. *ससमय वेतन भुगतान:* सभी स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं स्वच्छता कर्मियों के कार्यों का नियमित मूल्यांकन कर उनके वेतन का भुगतान ससमय सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्य की गति प्रभावित न हो।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता अभियान सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रखंड समन्वयकों को अपने कार्य क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाकर जिले को स्वच्छ बनाने का लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।