सिमरी बख्तियारपुर/सहरसा।बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बख्तियारपुर पुलिस पूरी तरह चौकस नजर आ रही है। बुधवार को अनुमंडल प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त पहल पर शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीएम आलोक राय एवं एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने संयुक्त रूप से किया। फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर ब्लाक चौक, शर्मा चौक, मुख्य बाजार, मालगोदाम रोड, रानी बाग सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए पुनः थाना परिसर पहुंचा। इस दौरान पुलिस बल के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षा का संदेश देने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को भी सख्त चेतावनी दी गई। इस मौके पर एसडीएम आलोक राय ने कहा कि बकरीद आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। सभी लोग शांति एवं सामाजिक समरसता के साथ पर्व मनाएं। प्रशासन की ओर से पर्व को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। वहीं एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने कहा कि पर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। फ्लैग मार्च में थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार, अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार, दारोगा अमरजीत सिंह, सुधीर कुमार, दयानंद महतो, रामनाथ पासवान, पंकज कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल मौजूद रहे।