ओम प्रकास तिवारी
मोतिहारी। सचिव, सिविल विमानन विभाग, बिहार से प्राप्त पत्र के आलोक में शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को रक्सौल हवाई अड्डे के संचालन की संभावनाओं को लेकर ट्रैफिक पोटेंशियल स्टडी पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में पूर्वी चंपारण समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में आयोजित बैठक में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं कोलकाता एयरपोर्ट के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं हितधारक शामिल हुए।
बैठक में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, नई दिल्ली के सहायक महाप्रबंधक कुमार आशीष ने बताया कि रक्सौल एयरपोर्ट के विकास को लेकर यातायात क्षमता का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। प्रथम चरण का सर्वे पूरा हो चुका है, जबकि द्वितीय चरण का सर्वे जारी है। इसके तहत एयरपोर्ट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख राजमार्गों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का सर्वे किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सर्वे के माध्यम से रक्सौल एयरपोर्ट के संभावित कैचमेंट क्षेत्र में पर्यटन, उद्योग, व्यापार, रेलवे, आईसीपी, सड़क परिवहन, शिक्षा, वाणिज्यिक गतिविधियों, बस ऑपरेटरों तथा वाल्मीकि टाइगर रिजर्व सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों से संबंधित यात्री एवं अन्य आवश्यक आंकड़े जुटाए जा रहे हैं।
बैठक में रक्सौल एयरपोर्ट के लिए यात्री क्षमता, यात्री सुविधाओं, भविष्य की आवश्यकताओं, संभावित यात्रियों की संख्या तथा माल ढुलाई (कार्गो) की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की गई। विभिन्न विभागों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव और आंकड़े साझा किए।
सभी हितधारकों ने एक स्वर में कहा कि रक्सौल में बेहतर हवाई संपर्क स्थापित होने से पर्यटन, उद्योग, व्यापार एवं निवेश को नई गति मिलेगी। इससे पूर्वी चंपारण सहित सीमावर्ती क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा और क्षेत्र के विकास को नया आयाम मिलेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव ने कहा कि रक्सौल एयरपोर्ट के विकास एवं संचालन की दिशा में जिला प्रशासन से जिस भी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा होगी, उसे प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा। जिला प्रशासन एयरपोर्ट के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने को तत्पर है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक एनएचएआई, 47वीं एवं 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के समादेष्टा, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला पर्यटन शाखा के प्रभारी पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, राज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त, रक्सौल नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक, आईसीपी रक्सौल के प्रबंधक, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज तथा बस ऑनर संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण से आए अधिकारियों ने रक्सौल एयरपोर्ट के ट्रैफिक पोटेंशियल अध्ययन में सहयोग के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।