दीपचंद्र दीक्षित, संवाददाता

फर्रुखाबाद। राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल (रानद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी के आगामी 1 जुलाई को प्रस्तावित फर्रुखाबाद आगमन को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम जनपद आगमन एवं पार्टी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से जिला अध्यक्ष पंकज अवस्थी के आवास पर जिला कार्यकारिणी की आकस्मिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पंकज अवस्थी ने की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीकांत त्यागी का यह पहला फर्रुखाबाद दौरा संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, स्वागत व्यवस्था, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, जनसंपर्क अभियान एवं संगठन विस्तार सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पार्टी कार्यालय के उद्घाटन समारोह को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
इस अवसर पर संगठन विस्तार के तहत कई नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा भी की गई। जिला अध्यक्ष पंकज अवस्थी ने अनुपम दीक्षित को रानद छात्र संघ का जिला अध्यक्ष, राजन दीक्षित को व्यापार संघ का जिला अध्यक्ष, मनोज चतुर्वेदी को शिक्षक संघ का जिला अध्यक्ष, आर्यन बाजपेई को युवा मोर्चा का जिला उपाध्यक्ष, अब्दुल मुकीद खान को अल्पसंख्यक मोर्चा का जिला सचिव तथा राजेश गुप्ता को जिला कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिला अध्यक्ष ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए तथा पार्टी का पटका पहनाकर एवं फूल-मालाओं से सम्मानित करते हुए संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में जिला कार्यकारिणी के सदस्य, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को ऐतिहासिक बनाने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया