रफ़्तार मीडिया संवाददाता पवन गुप्ता

डकरा : सीआईएसएफ इकाई सीसीएल एनके एवं पिपरवार द्वारा कमांडेंट अमित कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अवैध कोयला खनन एवं कोयला तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज करकट्टा जंगल क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया।गोपनीय सूचना के आधार पर सीआईएसएफ ने व्यापक सर्च एवं रेड अभियान चलाते हुए जंगल के भीतर संचालित अवैध कोयला खनन का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान लगभग 200 टन अवैध कोयला बरामद किया गया, जिसे जब्त करने की प्रक्रिया जारी है। यह कार्रवाई क्षेत्र में संचालित अवैध खनन नेटवर्क के विरुद्ध एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।इस विशाल अभियान में सीआईएसएफ के लगभग 70 जवानों ने भाग लिया। अभियान का नेतृत्व कमांडेंट  अमित कुमार के निर्देशन में किया गया। संयुक्त कार्रवाई में एनके  एरिया के महाप्रबंधकअमिताभ कुमार तिवारी , उप कमांडेंट  दिनेश कुमार,  उप कमांडेंट  अजय कुमार पाण्डेय, सहायक कमांडेंट  हर्ष लवानिया, सहायक कमांडेंट मनोहर बरवाहा, निरीक्षक रणजीत, निरीक्षक रश्मि, निरीक्षक पी.के. झा, सीसीएल के परियोजना पदाधिकारी, एएसओ तथा मैकलुस्कीगंज थाना पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल रहे।यह सीआईएसएफ द्वारा एनके,पिपरवार क्षेत्र में आयोजित अब तक का सबसे बड़ा मास कोल रेड अभियान माना जा रहा है। इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं कोयला तस्करी से जुड़े तत्वों में भारी हड़कंप व्याप्त है।इस अवसर पर कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि सीआईएसएफ की प्राथमिकता राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा है। अवैध कोयला खनन एवं तस्करी किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमारा अभियान केवल सीसीएल परियोजनाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अवैध खनन के प्रत्येक स्रोत की पहचान कर उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिस किसी ने भी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने या अवैध खनन में संलिप्त होने का प्रयास किया, उसके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। सीआईएसएफ दिन-रात सतर्क होकर अवैध खनन, कोयला चोरी एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध निरंतर अभियान चला रही है। आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष अभियान और अधिक व्यापक स्तर पर जारी रहेंगे।उन्होंने आगे कहा कि सीआईएसएफ की लगातार एवं प्रभावी कार्रवाई के कारण अब सीसीएल क्षेत्र के बाहर भी अवैध खनन एवं कोयला तस्करी में संलिप्त लोगों के बीच कानून का भय स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। अवैध खनन के पूरे नेटवर्क को समाप्त करने के उद्देश्य से अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा सीआईएसएफ की इस बड़ी कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध खनन के विरुद्ध निर्णायक कदम माना जा रहा है तथा स्थानीय प्रशासन एवं सीसीएल प्रबंधन ने भी इस संयुक्त अभियान की सराहना की है।