सरायकेला: गम्हरिया बाजार को आधुनिक मल्टीप्लेक्स मार्केट कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की पहल से क्षेत्र के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। सोमवार को बाजार समिति की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में झामुमो नेता कालीपद (केपी) सोरेन का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और बाजार के विकास की दिशा में शुरू हुई पहल के लिए आभार व्यक्त किया गया।ज्ञात हो कि दो दिन पूर्व जोबा माझी ने अंचल कार्यालय में नगर निगम एवं अंचल प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर गम्हरिया बाजार के पुनर्विकास और आधुनिकीकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बाद से बाजार को सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप देने की योजना को लेकर सकारात्मक चर्चा तेज हो गई है।इस अवसर पर केपी सोरेन ने कहा कि सांसद जोबा माझी के प्रयासों से गम्हरिया बाजार के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना के पूरा होने पर दुकानदारों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी तथा क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक बाजार परिसर बनने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, जाम की समस्या कम होगी और लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। समारोह में कई जनप्रतिनिधि, बाजार समिति के सदस्य और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।