दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

मिहिजाम थाना अंतर्गत सड़क सुरक्षा को लेकर मिहिजाम थाना प्रभारी ने बुधवार को अभियान चलाया। थाना अंतर्गत मुख्य सड़कों पर बिना कागजात और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान कई दोपहिया और चारपहिया चालकों का चालान काटा गया। अभियान के दौरान मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान का जायजा लिया। पुलिस को देखते ही वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। जांच में अनियमितता पाए जाने पर थाना प्रभारी ने मौके पर ही चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने हेलमेट पहनने की उपयोगिता पर जोर देते हुए सख्त निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने कहा कि आए दिन सड़क हादसों में कई लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सबसे बड़ा कारण है। कुछ मनचले युवक सड़कों पर फर्राटे से वाहन चलाकर न सिर्फ खुद की बल्कि दूसरों की जान भी जोखिम में डालते हैं। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया है। प्रदीप राणा ने रफ्तार मीडिया के माध्यम से सभी वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि वे यातायात नियमों का पालन करें। वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें। साथ ही वाहन के सभी वैध कागजात, बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखें। नियम तोड़ने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात नियमों को लेकर जागरूकता बढ़ी है।