मोतिहारी।
चेहल्लुम पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी ने सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के साथ मोतिहारी शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गांधी चौक, ज्ञानबाबू चौक सहित शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर तैनात दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए इंतजामों का भी निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि चेहल्लुम पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा सभी संबंधित अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने आम लोगों से भी आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चेहल्लुम का पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में मनाया जा रहा है। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन लगातार क्षेत्र में गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या पुलिस को देने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य सभी समुदायों के बीच सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।